• Thu. Apr 23rd, 2026

MKN NEWS

NIRBHIK SACH KE SATH SACH KI BAAT

उत्तराखंड : टिहरी गढ़वाल में चंबा-कोटी रोड पर वाहन खाई में गिरा, 8 की मौत, 2 घायल

Apr 23, 2026

टिहरी गढ़वाल: उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। थाना चंबा क्षेत्र के अंतर्गत चंबा-कोटी कॉलोनी रोड पर नैल के पास एक यूटिलिटी पिकअप वाहन (मैक्स) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल हो गए।

वाहन में कुल 10 लोग सवार थे। हादसा तब हुआ जब वाहन ऋषिकेश से घनसाली की ओर जा रहा था। सभी यात्री घनसाली क्षेत्र के चांजी, ठेला और चकरेडा गांव के निवासी थे। वे हरिद्वार में एक अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे। रास्ते में नैल के निकट वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू कर दिया।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने आठ लोगों की मौत की पुष्टि की है। दोनों घायलों को खाई से बाहर निकालकर तत्काल जिला अस्पताल बौराड़ी भेज दिया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। दोनों घायल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। जहां उनका इलाज चल रहा है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से चलाया गया। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल स्वयं घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे और घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह भी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्यों का जायजा लिया।

प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीमें राहत एवं बचाव कार्य में लगी हुई हैं। खाई में गिरे वाहन को निकालने और शवों को बाहर लाने का काम जारी है।