
कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के उत्तर 24 परगना जिले के मध्यग्राम (बरासत क्षेत्र) से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक (पीए) चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, मध्यग्राम इलाके में चंद्रनाथ को गोली मारी गई। गोली लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें पास के डायवर्सिटी नर्सिंग होम ले जाया गया, लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। हत्या का आरोप टीएमसी कार्यकर्ताओं पर लगाया गया है।वारदात की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालने में जुट गई है और हमलावरों की तलाश जारी है।
बता दें कि 4 मई को बंगाल चुनाव के परिणाम सामने आने के बाद से राज्य में हिंसा की कई घटनाएं सामने आ रही है। इस दौरान कई लोगों पर जानलेवा हमले हुए हैं। हिंसा की घटनाओं के बीच बुधवार को ही सुवेंदु अधिकारी ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व अभी भी सक्रिय हैं। भाजपा की सरकार बनने के बाद, पार्टी से जुड़ाव या बिना किसी भेदभाव के सभी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई भाजपा नेता या कार्यकर्ता हिंसा भड़काते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
