
नोएडा: एनसीआर में फिलहाल मौसम का मिजाज लोगों को गर्मी से कुछ राहत दे रहा है। आसमान में बादलों की आवाजाही, बीच-बीच में सूरज की लुका-छुपी और तेज हवाओं के कारण अभी भी भीषण गर्मी का एहसास नहीं हो रहा है। हालांकि भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान लगातार बढ़ेगा और 10 से 12 मई के बीच अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान के मुताबिक 8 मई को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा और किसी प्रकार की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है।
9 मई को तापमान बढ़कर 36 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। वहीं 10 मई को अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 11 मई को भी अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री रहने की संभावना जताई गई है। इस दौरान आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। 12 मई को तापमान में हल्की गिरावट के साथ अधिकतम 37 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री रहने का अनुमान है, जबकि 13 मई को अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक किसी प्रकार की हीट वेव या अन्य चेतावनी जारी नहीं की है। तेज हवाओं का असर वायु गुणवत्ता पर भी साफ दिखाई दे रहा है।
