• Sun. Mar 1st, 2026

MKN NEWS

NIRBHIK SACH KE SATH SACH KI BAAT

मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों को विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में मिली सफलता, मुख्यमंत्री ने दी बधाई

Aug 22, 2025

भोपाल, देश और देश के बाहर चल रही विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने सफलता अर्जित की है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सफलता के साथ पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है। कश्मीर की प्रतिष्ठित डल झील में आयोजित देश के पहले खेलो इंडिया जल-खेल महोत्सव के पहले दिन प्रदेश के खिलाड़ियों द्वारा तीन मेडल जीते गएहैं। इस पर राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रसन्नता व्यक्त की है। मुख्यमंत्री यादव ने कयाकिंग-केनोइंग की पृथक-पृथक श्रेणियों में रजत पदक जीतने वाले कृष्णजाट और, कांस्य पदक जीतने वाले मयंक और मासूमा यादव को बधाई दी। मुख्यमंत्री यादव ने तीन दिवसीय महोत्सव की आगामी प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश के खिलाड़ी जल-खेल महोत्सव में पदक जीतने का कीर्तिमान स्थापित करेंगे। इसी तरह कजाकिस्तान में जारी 16वीं एशियाई शूटिंग शॉटगन चैंपियनशिप में प्रदेश के खिलाड़ियों द्वारा स्वर्ण और कांस्य पदक जीते गए हैं। इस सफलता पर राज्य के मुख्यमंत्री यादव ने प्रदेश के विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी है। मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि मानसी रघुवंशी और ज्योरादित्य सिंह ने वैश्विक मंच पर देश और प्रदेश को गौरवान्वित किया है। एशियाई शूटिंग शॉटगन चैंपियनशिप के अंतर्गत जूनियर महिला वर्ग में मानसी रघुवंशी ने स्वर्ण पदक और ज्योतिरादित्य सिंह सिसोदिया ने जूनियर पुरुष वर्ग में कांस्य पदक जीते। मुख्यमंत्री यादव ने कहा है कि कठिन परिश्रम, अटूट समर्पण और एकनिष्ठ ध्येय के पर्याय प्रदेश के खिलाड़ियों की यह उपलब्धि असंख्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। मुख्यमंत्री यादव ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। राज्य के खिलाड़ियों के दल दोनों प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले रहेहैं।। खेल विभाग को उम्मीद है कि इन प्रतियोगिताओं में राज्य के खिलाड़ियों का प्रदर्शन बेहतर रहेगा।