• Sun. Mar 1st, 2026

MKN NEWS

NIRBHIK SACH KE SATH SACH KI BAAT

मध्य प्रदेश : राज्यपाल ने भोपाल और मुख्यमंत्री ने उज्जैन में फहराया तिरंगा

Jan 26, 2026

भोपाल: मध्य प्रदेश में गणतंत्र दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने भोपाल और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उज्जैन में ध्वजारोहण किया। राजधानी भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में राज्यपाल पटेल ने तिरंगा फहराया। इस मौके पर राज्यपाल पटेल ने देश और प्रदेश की बदलती हुई तस्वीर का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार किसान, युवा, गरीब और महिलाओं के कल्याण के लिए काम कर रही है। वहीं मध्य प्रदेश सरकार 2026 को कृषि वर्ष के तौर पर बना रही है। राज्य में एक तरफ जहां कृषि क्षमता का विस्तार हो रहा है, वहीं किसानों को उनकी उपज का उचित दाम मिल रहा है। अनुसूचित जनजाति वर्ग के कल्याण के लिए राज्य सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दे रही है। राज्यपाल पटेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प की चर्चा करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश को विकसित मध्य प्रदेश बनाया जा रहा है। इसके लिए विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य किए जा रहे हैं। शिक्षा के बेहतर शिक्षण संस्थान राज्य के अलग-अलग हिस्सों में स्थापित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही अन्य सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है। इससे पहले राज्यपाल ने परेड की सलामी और तिरंगा फहराया। 22 विभागों की प्रगति की झांकी भी निकाली गई। वहीं राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उज्जैन के कार्तिक मेला मैदान में ध्वजारोहण किया और परेड की सलाह मिली। यह पहला अवसर है जब मुख्यमंत्री ने क्षिप्रा नदी के तट पर गणतंत्र दिवस के मौके पर झंडा फहराया। इसी तरह राज्य के अन्य हिस्सों में गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया जा रहा है। प्रभात फेरियां निकलीं और झंडा फहराने के अलावा मुख्य अतिथि द्वारा परेड की सलामी ली गई।