• Sun. Mar 1st, 2026

MKN NEWS

NIRBHIK SACH KE SATH SACH KI BAAT

बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट में बड़ी उपलब्धि, पालघर में माउंटेन टनल-6 का ब्रेकथ्रू पूरा

Feb 3, 2026

पालघर: मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट में एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। इस हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की माउंटेन टनल-6 का ब्रेकथ्रू पूरा हो गया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इसका अवलोकन किया। ये टनल महाराष्ट्र के पालघर के दहाणू रोड इलाके में है। जानकारी के अनुसार, इस हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की कुल लंबाई 508 किलोमीटर है, जो महाराष्ट्र और गुजरात के बीच तेज और आरामदायक कनेक्टिविटी देगा। अभी तक परियोजना में काफी काम पूरा हो चुका है। कुल 508 किलोमीटर में से 334 किलोमीटर वायाडक्ट और 417 किलोमीटर पियर्स का काम पूरा हो गया है। इसके अलावा 17 नदी पुल, 5 पीएससी पुल और 13 स्टील पुलों का निर्माण भी हो चुका है। 247 किलोमीटर लंबे रूट पर 4.9 लाख से ज्यादा नॉइज बैरियर्स लगाए जा चुके हैं। ट्रैक की बात करें तो 308 ट्रैक किलोमीटर यानी 154 रूट किलोमीटर आरसी ट्रैक बेड तैयार हो गया है। मुख्य मार्ग पर लगभग 125 रूट किलोमीटर क्षेत्र में 5,400 से ज्यादा ओवरहेड इलेक्ट्रिक मास्ट लगाए जा चुके हैं। महाराष्ट्र में सात प्रस्तावित पर्वतीय सुरंगों में से पहली माउंटेन टनल का ब्रेकथ्रू हो गया है, जबकि आठ में से दो सुरंगों का उत्खनन भी पूरा हो चुका है। बीकेसी और शिलफाटा के बीच 21 किलोमीटर लंबी सुरंग में 5 किलोमीटर एनएटीएम टनल का उत्खनन हो गया है। सूरत और अहमदाबाद में रोलिंग स्टॉक डिपो का निर्माण जारी है। गुजरात के सभी स्टेशनों का सुपरस्ट्रक्चर लगभग तैयार है, जबकि महाराष्ट्र में तीन एलिवेटेड स्टेशनों पर काम चल रहा है और मुंबई के भूमिगत स्टेशन पर स्लैब कास्टिंग तेजी से हो रही है। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद मुंबई और अहमदाबाद के बीच सफर बहुत ही आसान और तेज होने वाला है। आने वाले सालों में यह हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर दोनों राज्यों की कनेक्टिविटी बदलने वाला है और यात्रियों को आरामदायक, सुरक्षित और समय बचाने वाला सफर देगा।