• Thu. Mar 12th, 2026

MKN NEWS

NIRBHIK SACH KE SATH SACH KI BAAT

‘मेरे दिल में कभी किसी के लिए नफरत नहीं,’ खुद पर हुए हमले के बाद बोले पूर्व सीएम फारूक अब्दुल्ला

Mar 12, 2026

जम्मू: जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम व नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला खुद पर हुए हमले के बाद गुरुवार को पहली बार मीडिया के सामने आए। उन्होंने कहा कि मेरे मन में कभी किसी के लिए कोई नफरत नहीं रही है और मेरे घर के दरवाजे तो सभी के लिए खुले रहते हैं। जिस युवक ने मुझ पर हमला किया, मैं उसे जानता तक नहीं हूं और आज मोबाइल में उसकी फोटो देखी। उन्होंने कहा कि आप कितनी भी सुरक्षा बढ़ा लीजिए, अगर हमलावर को लक्ष्य करना है तो वह कर ही देगा। पूर्व सीएम फारूक अब्दुल्ला ने मीडिया से कहा कि मैं जम्मू में एक शादी में गया था। मैं कार्यक्रम में शामिल होने के बाद आयोजकों की अनुमति से घर के लिए निकलने लगा। जैसे ही मैं वेन्यू से बाहर निकला और चलने लगा तो मुझे पटाखे जैसी आवाज़ सुनाई दी। मुझे लगा कि शादी में किसी ने पटाखा फोड़ा है, जैसा कि अक्सर होता है। मुझे लगा कि शायद मेरे पास कोई पटाखा फूटा हो क्योंकि मुझे थोड़ी गर्मी महसूस हुई लेकिन मुझे पता नहीं चला कि क्या हुआ था। इस दौरान, उन्होंने मुझे जल्दी से कार में बिठाया। मेरे सुरक्षाकर्मी भी वहां थे। उनमें से एक ने पीछे से हमलावर का हाथ खींचने की कोशिश की, जिससे उसका बैलेंस बिगड़ गया। उसकी पिस्टल ऊपर की ओर थी और सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत पिस्टल पकड़े हुए हमलावर का हाथ पकड़ लिया। एक गोली चलने की आवाज मैंने भी सुनी। इसके बाद, मैं घर आ गया। मैं इस आदमी को नहीं जानता और मैं इससे पहले कभी नहीं मिला हूं। उन्होंने कहा कि मुझे नहीं पता कि हमलावर का मकसद क्या था या क्या रंजिश थी। मैंने कभी किसी के साथ कुछ गलत नहीं किया। जो भी मेरे पास आया, यहां तक ​​कि जब मैं ऑफिस में था, चाहे विपक्ष से हो या कहीं और से, मैंने उन्हें ज़्यादा प्यार दिखाने की कोशिश की और उनकी समस्या दूर करने की कोशिश की। मेरे दिल में कभी किसी के लिए नफरत नहीं रही। मुझे नहीं पता कि उसे क्या दिक्कत थी या उसे क्या शिकायत थी।

उन्होंने कहा, मुझे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह फोन आया, जिन्होंने मेरा हालचाल पूछा और भरोसा दिलाया कि वे मामले की जांच करेंगे और जांच होनी चाहिए। ऐसी चीजें तब होती रहती हैं जब अब नफरत का माहौल है। कोई भी धर्म नफरत नहीं सिखाता, सिर्फ प्यार करना सिखाता है। उन्होंने कहा कि एनएसजी और राज्य के पुलिसकर्मियों ने मुझे बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डाली। उन्होंने जो किया है, उसे बताने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं।