
वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची के बीच व्हाइट हाउस में हुई बैठक ने वैश्विक राजनीति में एक अहम संदेश दिया। मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच दोनों नेताओं ने न सिर्फ रणनीतिक मुद्दों पर चर्चा की, बल्कि अपने रिश्तों की गर्मजोशी भी दिखाई।
गुरुवार को ओवल ऑफिस से लेकर स्टेट डाइनिंग रूम तक पूरे दिन चली इस मुलाकात में औपचारिकता और रणनीतिक बातचीत का संतुलन देखने को मिला। राष्ट्रपति ट्रंप ने सनाए ताकाइची को बेहतरीन दोस्त और मजबूत साझेदार बताया और उनकी हालिया चुनावी जीत की तारीफ की। वहीं जापान के प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची ने भी ट्रंप का समर्थन करते हुए कहा कि दुनिया में शांति सिर्फ आप ही ला सकते हैं।
ओवल ऑफिस में शुरुआती बातचीत के बाद ईरान, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज, चीन और अमेरिका के सहयोगियों की भूमिका जैसे विषयों पर बात हुई।
राष्ट्रपति ट्रंप ने जापान को अमेरिका का सबसे अहम सहयोगी बताते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच पिछले साल हुआ ऐतिहासिक व्यापार समझौता ऊर्जा, सेमीकंडक्टर, जहाज निर्माण और फार्मास्यूटिकल्स जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करेगा। उन्होंने जापान के रक्षा क्षेत्र में बढ़ते निवेश और अमेरिकी सैन्य उपकरणों की खरीद का भी स्वागत किया।
वहीं प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची ने इस दौरे को रणनीतिक और व्यक्तिगत दोनों स्तर पर महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि दुनिया इस समय बहुत गंभीर सुरक्षा माहौल का सामना कर रही है और मध्य पूर्व के संघर्ष का असर वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि वह वैश्विक ऊर्जा बाजार को स्थिर करने के लिए ठोस प्रस्ताव लेकर वाशिंगटन आई हैं।
