
देहरादून: उत्तराखंड में कैबिनेट विस्तार के बाद लोकभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नए मंत्रियों को बधाई दी। उन्होंने कहा, “आज जिन लोगों को मंत्री पद की जिम्मेदारी मिली है, उन्हें मैं हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।” अब मंत्रिपरिषद के सभी खाली पद भर दिए गए हैं और सरकार लोगों के साथ उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए काम करेगी। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट ने बड़ा राजनीतिक संकेत देते हुए कहा कि शनिवार को हल्द्वानी में एक बड़ा कार्यक्रम होगा और 2027 के चुनाव का आगाज भी वहीं से शुरू किया जाएगा। उन्होंने कैबिनेट विस्तार को 2027 के चुनाव से जोड़ते हुए कहा कि ये सभी मंत्री पार्टी के लिए विजय पताका साबित होंगे।
