
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि वैश्विक ऊर्जा परिदृश्य में भारत एक निर्णायक अध्याय लिख रहा है, जो कि विद्युतीकरण की तरफ रुझान, स्वच्छ ऊर्जा और मैन्युफैक्चरिंग पर केंद्रित है। प्रधानमंत्री मोदी ने विद्युत एवं नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री श्रीपाद येसो नाइक द्वारा लिखित एक आर्टिकल शेयर किया, जिसमें भारत के ऊर्जा क्षेत्र में हो रहे तेज बदलाव के बारे में बताया गया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश का ऊर्जा परिवर्तन व्यावहारिक नीतिगत निर्णयों और आत्मनिर्भरता पर ध्यान केंद्रित करने के द्वारा निर्देशित है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ ऊर्जा क्षमता बढ़ाने, विद्युतीकरण को बढ़ावा देने और घरेलू विनिर्माण को मजबूत करने के भारत के प्रयास इसे वैश्विक ऊर्जा क्षेत्र में एक प्रमुख खिलाड़ी के रूप में उभरने में मदद कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा,”केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीपाद नाइक ने बताया है कि भारत का ऊर्जा परिवर्तन व्यावहारिक नीति और आत्मनिर्भरता की दिशा में स्पष्ट प्रयास से प्रेरित है।”
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा,”विद्युतीकरण, स्वच्छ ऊर्जा और विनिर्माण पर विशेष ध्यान देने के साथ, भारत वैश्विक ऊर्जा परिदृश्य में एक निर्णायक अध्याय लिख रहा है।” इससे पहले, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा लिखे गए आर्टिकल को शेयर करते हुए पीएम मोदी ने पाठकों से आग्रह किया कि वे इस लेख को पढ़ें ताकि उन्हें भारत की ऊर्जा नीतियों की सटीक जानकारी मिल सके, जो एक विकसित भारत का वादा करती हैं।
पीएम मोदी ने कहा, “केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर इस बात पर विचार रख रहे हैं कि भारत किस प्रकार एक मजबूत ऊर्जा इको-सिस्टम को शक्ति प्रदान कर रहा है और भविष्य की जरूरतों के लिए एक स्थायी वातावरण का निर्माण कर रहा है।” साथ ही कहा, “भारत की ऊर्जा नीतियों के बारे में सटीक जानकारी प्राप्त करने के लिए इस लेख को पढ़ें, जो एक विकसित भारत का वादा करती हैं।”
