
नई दिल्ली: भारत में आज ईद-उल-फितर का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। सुबह से ही देश की मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए मुस्लिम समाज के लोग उमड़े हैं। लोग एक दूसरे से गले मिलकर ईद की बधाई दे रहे हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को ईद की बधाई दी है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की ओर से एक्स पोस्ट पर लिखा गया है, “ईद-उल-फितर के मुबारक मौके पर सभी देशवासियों, विशेषकर मुस्लिम बहनों और भाइयों को हार्दिक बधाई। यह त्योहार आत्मसंयम, सेवा, परोपकार एवं वंचित वर्गों के प्रति दया का भाव रखने की सीख देता है। आइए इस अवसर पर हम समाज और राष्ट्र को मजबूत बनाने का संकल्प लें।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पोस्ट पर लिखा है, “ईद-उल-फितर की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर करे कि यह दिन भाईचारे और सद्भाव को और बढ़ावा दे। सभी सुखी और स्वस्थ रहें।”
