• Sun. Mar 22nd, 2026

MKN NEWS

NIRBHIK SACH KE SATH SACH KI BAAT

प्रधानमंत्री मोदी की ऐतिहासिक उपलब्धि पर रक्षा मंत्री और गृहमंत्री ने दी बधाई

Mar 22, 2026

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय राजनीति के इतिहास में सबसे लंबे समय तक निर्वाचित सरकार के प्रमुख बने रहने का रिकॉर्ड बनाया है। इस पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह ने बधाई दी है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री को सेवा, परिश्रम और अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया है।

गृहमंत्री अमित शाह ने एक्स पर लिखा है, ” सेवा, परिश्रम और अटूट प्रतिबद्धता की नींव पर बना एक मील का पत्थर। आज, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग के 8,930 दिनों के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए भारत में सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले सरकार के प्रमुख बन गए हैं। प्रधानमंत्री का सार्वजनिक जीवन में 8,931 दिन, पहले गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में और अब प्रधानमंत्री के रूप में राष्ट्र-प्रथम शासन, कार्यों में ईमानदारी और प्रत्येक नागरिक की अथक सेवा के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। अभूतपूर्व विश्वास और अद्वितीय सेवा पर निर्मित एक दुर्लभ विरासत।”

रक्षा मंत्री ने बधाई देते हुए एक्स पोस्ट पर लिखा है, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत में सरकार का प्रमुख बनकर सेवा करने वाले नेता बन गए हैं। राष्ट्र और जनता के प्रति अटूट समर्पण ही प्रधानमंत्री मोदी की पहचान है। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उनकी दृढ़ प्रतिबद्धता से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में उनके समर्पित नेतृत्व तक, उनका जीवन निरंतर सेवा का मार्ग रहा है। आज उन्होंने सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग के 8,930 दिनों के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। 8,931 दिनों तक सरकार के मुखिया के रूप में सेवा करना राष्ट्र-प्रथम शासन, कार्यों में ईमानदारी और प्रत्येक नागरिक की अथक सेवा के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर मोदी जी को हार्दिक बधाई।”

गौरतलब है कि नरेंद्र मोदी भारत के 14वें और वर्तमान प्रधानमंत्री हैं, जो 26 मई 2014 से लगातार पद पर बने हुए हैं। जून 2024 में उन्होंने तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। वे लगातार तीसरी बार जीतने वाले पहले प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने 4,000 से अधिक दिनों तक पद पर रहकर सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्रियों में अपना स्थान बनाया है।