• Wed. Apr 15th, 2026

MKN NEWS

NIRBHIK SACH KE SATH SACH KI BAAT

हर जॉनर में छाए अजय देवगन: एक्शन से कॉमेडी और थ्रिलर तक, हर किरदार में दिखे दमदार

Apr 1, 2026

मुंबई: बॉलीवुड में बहुत से कलाकार आते हैं, लेकिन कुछ ही ऐसे होते हैं जो हर तरह के किरदार में खुद को साबित कर पाते हैं। अजय देवगन उन्हीं खास कलाकारों में से एक हैं। उन्होंने अपने लंबे करियर में हर जॉनर की फिल्मों में काम किया और हर बार दर्शकों का दिल जीता। 

चाहे पुलिस ऑफिसर का सख्त अंदाज हो, कॉमेडी में हल्का-फुल्का मजाक या फिर गंभीर और रहस्यमयी किरदार, वह हर रूप में फिट बैठते हैं। यही वजह है कि आज अजय देवगन इंडस्ट्री के सबसे सफल अभिनेताओं में गिने जाते हैं।

2 अप्रैल 1969 को दिल्ली में जन्मे अजय देवगन का असली नाम विशाल वीरू देवगन है। उनके पिता वीरू देवगन फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने स्टंट डायरेक्टर थे, इसलिए अजय को बचपन से ही फिल्मों का माहौल मिला। उन्होंने मुंबई के मीठीबाई कॉलेज से पढ़ाई पूरी की और फिर एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा। साल 1991 में आई फिल्म ‘फूल और कांटे’ से उन्होंने बतौर हीरो शुरुआत की। इस फिल्म में उनकी एंट्री दो बाइकों पर खड़े होकर हुई। ये एंट्री इतनी मशहूर हुई कि आज भी उसे याद किया जाता है।

अजय देवगन ने अपने करियर में एक्शन फिल्मों से खास पहचान बनाई। फिल्म ‘सिंघम’ में उन्होंने एक सख्त और ईमानदार पुलिस ऑफिसर बाजीराव सिंघम का किरदार निभाया। इस फिल्म में उनका डायलॉग और स्टाइल लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हुआ। इसके अलावा ‘रेड’ और ‘तान्हाजी’ जैसी फिल्मों में भी उनका दमदार एक्शन और गंभीर अभिनय देखने को मिला, जिसने दर्शकों को बांधकर रखा।

आज अजय देवगन सिर्फ एक अभिनेता ही नहीं, बल्कि निर्माता और निर्देशक भी हैं। उन्होंने 100 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है और हर बार कुछ नया करने की कोशिश की है। उनकी सबसे खास बात यही है कि वह हर जॉनर में खुद को ढाल लेते हैं, फिर चाहे एक्शन हो, कॉमेडी हो या थ्रिलर।