
चेन्नई: तमिलनाडु में मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। जहां एक ओर राज्य के दक्षिणी हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है, वहीं दूसरी ओर पूरे राज्य में तापमान धीरे-धीरे बढ़ने का पूर्वानुमान है। क्षेत्रीय मौसम विभाग के अनुसार, तमिलनाडु के आंतरिक इलाकों से लेकर उत्तरी कर्नाटक के अंदरूनी क्षेत्रों तक लगभग 900 मीटर की ऊंचाई पर एक कम दबाव की ट्रफ बनी हुई है। यही सिस्टम मौजूदा मौसम को प्रभावित कर रहा है। इसके चलते खासतौर पर दक्षिण तमिलनाडु के तटीय जिलों और पश्चिमी घाट के इलाकों में छिटपुट बारिश होने का पूर्वानुमान है। गुरुवार को इन क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। वहीं 3 और 4 अप्रैल को बारिश की गतिविधियां थोड़ी बढ़ने की उम्मीद है। इस दौरान कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
हालांकि, तमिलनाडु के बाकी हिस्सों के साथ-साथ पुडुचेरी और कराईकल में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। इन इलाकों में फिलहाल किसी बड़ी बारिश का पूर्वानुमान नहीं है। मौसम विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में तमिलनाडु और पुडुचेरी में अधिकतम तापमान बढ़ सकता है।
