
देश के कई हिस्सों में शुक्रवार रात भूकंप के झटके महसूस किए गए। दिल्ली-एनसीआर, जम्मू-कश्मीर में भी झटके महसूस किए गए हैं। भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान-ताजिकिस्तान सीमा क्षेत्र में था। भूकंप के झटके चार देशों भारत, पाकिस्तान, अफगानिस्तान और ताजिकिस्तान में महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान का हिंदुकुश था।
जम्मू कश्मीर, राजधानी नई दिल्ली, पंजाब, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। बताया जा रहा है कि अफगानिस्तान-ताजिकिस्तान सीमा क्षेत्र में शुक्रवार को 5.9 तीव्रता का भूकंप आया, जिसके झटके जम्मू-कश्मीर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में महसूस किए गए।
जानकारी के अनुसार, भूकंप का केंद्र 71.01 डिग्री पूर्वी देशांतर और 36.52 डिग्री उत्तरी अक्षांश पर था, जबकि इसकी गहराई 175 किलोमीटर दर्ज की गई। जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, अभी तक किसी तरह के नुकसान या जनहानि की कोई खबर नहीं है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
