• Sat. Apr 18th, 2026

MKN NEWS

NIRBHIK SACH KE SATH SACH KI BAAT

‘शिक्षा ही भविष्य की असली ताकत’, सीएम योगी ने काशी से की ‘स्कूल चलो’ अभियान की शुरुआत

Apr 4, 2026

वाराणसी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को काशी से प्रदेशव्यापी ‘स्कूल चलो अभियान’ का शुभारंभ किया और बुनियादी शिक्षा को लेकर सरकार की प्राथमिकता को स्पष्ट किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि शिक्षा ही भविष्य की असली ताकत होती है। वाराणसी के शिवपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बच्चों के बीच पहुंचे तो माहौल उत्साह से भर उठा। उन्होंने बच्चों को अपने हाथों से स्कूल बैग पहनाया, किताबें वितरित कीं और उनसे आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने पांच ‘निपुण विद्यार्थियों’ को सम्मानित किया और कई कक्षाओं के छात्रों को पाठ्य सामग्री प्रदान की। मुख्यमंत्री ने नए शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए ‘स्कूल चलो अभियान’ की शुरुआत करते हुए शैक्षिक नवाचार और उपलब्धियों की पुस्तिका का विमोचन भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री नहीं, बल्कि इंसान को बेहतर मनुष्य बनाने का माध्यम है। उन्होंने जनपद के पांच ‘निपुण विद्यालयों’ के प्रधानाध्यापकों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले शिक्षा व्यवस्था उपेक्षित थी और नकल की प्रवृत्ति हावी थी, लेकिन अब प्रदेश में पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का माहौल बना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्कूली शिक्षा पर 80 हजार करोड़ रुपये से अधिक खर्च कर रही है और इसका उद्देश्य हर बच्चे को बेहतर अवसर देना है।