
मुंबई: महिला आरक्षण बिल को लेकर देशभर में चर्चा तेज हो रही है। इस बिल के पास होने पर राजनीतिक गलियारों से लेकर आम जनता तक में अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इस बीच बॉलीवुड के कई दिग्गजों ने भी इस बिल का स्वागत किया।
अभिनेता आर्य बब्बर ने इस बिल पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “मुझे लगता है कि यह बहुत अच्छा कदम है। सरकार ने जो फैसला लिया है, वह सराहनीय है। मैं सरकार और पूरे देश के लोगों से बहुत प्रभावित हूं। महिलाओं को ज्यादा अधिकार और प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए, यह समय की जरूरत है।”
रीतेश देशमुख ने बिल का समर्थन करते हुए कहा, “यह बहुत अच्छी बात है। महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए जो भी कदम उठाए जा रहे हैं, उन्हें पहले से ही पूरा समर्थन मिलना चाहिए। समाज में महिलाओं की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण और उन्हें मजबूत बनाने के हर प्रयास का स्वागत करना चाहिए।”
अभिनेता सुनील शेट्टी का मानना है कि महिलाओं के लिए जितना कुछ हो रहा है, वह कम है। उन्होंने आईएएनएस के साथ बातचीत में कहा, “महिलाओं के हित में जो भी किया जाएगा, वह कम है। उनके लिए तो शिक्षा, आरक्षण या फिर उनके सुरक्षा का मुद्दा, हर चीज बहुत जरूरी है। हमें महिलाओं के लिए हरसंभव प्रयास करना चाहिए। यह सब लंबे समय तक लाभदायक साबित होगा और समाज को मजबूत बनाएगा। महिलाओं की प्रगति ही देश की प्रगति है।
