
मुंबई: निर्देशक आदित्य धर अपनी हालिया रिलीज फिल्म ‘धुरंधर’ की जबरदस्त सफलता के बाद अपनी पूरी टीम को एक-एक करके धन्यवाद दे रहे हैं। बुधवार को उन्होंने कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबरा को विशेष रूप से सराहा और खास पोस्ट की। आदित्य ने मुकेश छाबरा के साथ कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं। इस पोस्ट में उन्होंने बताया कि मुकेश छाबरा ने फिल्म ‘धुरंधर’ को बहुत पहले ही भांप लिया था, जब मैं भी फिल्म की ताकत का अंदाजा नहीं लगा पाया था।
आदित्य ने लिखा, “कुछ लोग फिल्म में आकर सिर्फ अपना काम करके चले जाते हैं, लेकिन कुछ लोग चुपचाप पूरी फिल्म का आकार बदल देते हैं। मुकेश उनमें से एक हैं। पहली मीटिंग से ही उन्होंने इस फिल्म की बड़ी सोच, महत्वाकांक्षा और संभावनाओं पर मुझसे कहीं ज्यादा भरोसा जताया। मैं जहां सावधानी बरत रहा था, वहां मुकेश बिल्कुल निडर थे। मैं सीमित सोच रहा था तो उन्होंने मुझे बड़ा और गहरा सोचने के लिए प्रेरित किया।”
उन्होंने कहा कि ‘धुरंधर’ की कास्टिंग बहुत चुनौतीपूर्ण थी। फिल्म में कई कलाकार थे, हर किरदार अलग अलग था और हर चेहरे को बिल्कुल सही चुनने की जिम्मेदारी बहुत बड़ी थी। आदित्य ने लिखा, “मैंने सिर्फ मुकेश को इतना कहा था कि मुझे मेरी फिल्म के लिए बेहतरीन कलाकार चाहिए, चाहे वे नए हों या फिर पुराने, बड़े हों या छोटे, कोई फर्क नहीं पड़ता। मुकेश और उनकी टीम ने इसे अपना मिशन बना लिया था।”
आदित्य ने आगे लिखा, “इसके बाद कई दिन और रातें हम साथ बैठकर हर किरदार को समझते, चर्चा करते, खोजते, रिजेक्ट करते और नए रास्ते ढ़ूंढ़ते रहे। ये बातचीत काम जैसी नहीं लगती थी, बल्कि ईमानदारी से कुछ नया बनाने जैसा अनुभव था।”
