
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के महान समाज सुधारकों में से एक और पीढ़ियों को दिशा दिखाने वाले महात्मा ज्योतिराव फुले की 200वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी है। पीएम मोदी ने कहा कि ज्योतिराव फुले ने अपना पूरा जीवन समानता, न्याय और शिक्षा के मूल्यों के प्रति समर्पित कर दिया। वे ही थे जिन्होंने महिलाओं और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष की शुरुआत की। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने एक लेख में अपने विचार साझा किए।
प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “महात्मा ज्योतिराव फुले की जयंती के अवसर पर मैं इस दूरदर्शी समाज सुधारक को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, जिन्होंने अपना पूरा जीवन समानता, न्याय और शिक्षा के मूल्यों के प्रति समर्पित कर दिया। वे ही थे जिन्होंने महिलाओं और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष की शुरुआत की। उनके प्रयासों से ही शिक्षा सशक्तिकरण का एक शक्तिशाली माध्यम बन सकी। इस वर्ष, हम उनके जन्म की द्विशताब्दी वर्ष में प्रवेश कर रहे हैं। कामना है कि उनके विचार सदैव हम सभी को सामाजिक प्रगति के पथ पर मार्गदर्शन प्रदान करते रहें।”
