
कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होते ही नौकरशाही स्तर पर पहला तबादला हुआ, जिसके तहत राज्यपाल आर.एन. रवि को नया सचिव मिला। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि राज्य के परिवहन सचिव और 2002 बैच के आईएएस अधिकारी सौमित्र मोहन को राज्यपाल का सचिव बनाया गया है। वह तीन साल से ज्यादा समय से परिवहन सचिव के पद पर कार्यरत थे। हालांकि, मतदान के दौरान राज्य में प्रशासनिक स्तर पर कई बदलाव किए गए थे, लेकिन उन्हें परिवहन विभाग से नहीं हटाया गया था। सोमवार को मतगणना खत्म होते ही सौमित्र मोहन को राज्यपाल का सचिव बना दिया गया।
