• Fri. Jun 5th, 2026

MKN NEWS

NIRBHIK SACH KE SATH SACH KI BAAT

सुवेंदु अधिकारी ने अपडेट किया ‘एक्स’ प्रोफाइल, ममता बनर्जी ने ‘एक्स सीएम’ लिखने से किया परहेज

May 9, 2026

पश्चिम बंगाल की सत्ता में 15 साल तक काबिज रहीं टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बायो चेंज कर लिया है तो वहीं मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने भी अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल को अपडेट किया।  ममता बनर्जी ने यह बदलाव उस वक्त किया है, जब प्रदेश की जनता को सुवेंदु अधिकारी के रूप में नया मुख्यमंत्री मिल गया। राजधानी कोलकाता के ब्रिगेड परेड मैदान में सुवेंदु अधिकारी ने शनिवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपना बायो बदल दिया और उन्होंने ‘एक्स’ बायो में खुद को ‘पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री (15वीं, 16वीं और 17वीं विधानसभा)’ के रूप में संबोधित किया है। साथ ही, उन्होंने अपने बायो में तृणमूल कांग्रेस की संस्थापक अध्यक्ष का भी लिखा है।

दिलचस्प बात यह है कि ममता बनर्जी ने सुबह तक अपना बायो नहीं बदला था, लेकिन जैसे ही सुवेंदु अधिकारी ने शपथ ग्रहण कर ली तो उन्होंने तुरंत अपना बायो अपडेट कर दिया। वहीं, सीएम पद की शपथ लेते ही सुर्वेदु अधिकारी ने सोशल मीडिया प्रोफाइल में ‘पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री’ अपटेड कर दिया।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद भाजपा ने पहली बार राज्य में पूर्ण बहुमत हासिल किया। भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बावजूद ममता बनर्जी ने लोकभवन जाकर इस्तीफा देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद राज्यपाल आरएन रवि ने विधानसभा भंग कर दी। फिर भी ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया पर ‘माननीय मुख्यमंत्री’ शब्द हटाने से परहेज किया, जिसकी काफी आलोचना हुई थी।

बता दें कि सुवेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मौजूद रहे।