• Sat. Oct 18th, 2025

MKN NEWS

NIRBHIK SACH KE SATH SACH KI BAAT

मध्य प्रदेश में चल रहा तीन हजार कुएं-बावड़ी का सुधार कार्य : मोहन यादव

Jun 6, 2025

भोपाल/उज्जैन, मध्य प्रदेश में जल संरक्षण का अभियान जारी है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुक्रवार को उज्जैन के लक्ष्मण बावड़ी के जीर्णोद्धार कार्य पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि राज्य में तीन हजार कुएं और बावड़ी के जीर्णोद्धार का काम चल रहा है। मुख्यमंत्री ने चिंतामण गणेश मंदिर में पूजन-अर्चन के बाद मंदिर के प्रांगण में लक्ष्मण बावड़ी के जीर्णोद्धार के लिए पूजन किया। इस मौके पर सीएम यादव ने कहा कि राज्य में जल संरक्षण के अभियान के तहत तीन हजार से ज्यादा कुएं और बावड़ी का काम किया गया है, जहां से जल धारा प्रकट हुई है। यह बावड़ी मूल स्वरूप में आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जल संरक्षण के आव्हान को लेकर पूरे मध्य प्रदेश में ये काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में जल गंगा संरक्षण अभियान चल रहा है। यह अभियान 30 अप्रैल को शुरू हुआ है और यह 30 जून तक चलने वाला है। तीन माह के इस अभियान में राज्य की तमाम जल संरचनाओं को दुरुस्त कर जल संरक्षण की क्षमता को बढ़ाना है। राज्य में सरकारी विभागों के अलावा जन सहयोग से जल संरचनाओं को सुधारा जा रहा है। राज्य के दमोह जिले में भी ‘दीवान जी की तलैया’ को सुधारने का काम विभिन्न सामाजिक संगठनों ने अपने हाथ में लिया है। प्रशासन का सहयोग मिल रहा है और लगातार तलैया में जमा गंदगी को हटाया जा रहा है, वहीं गहराई भी बढ़ाई जा रही है। बताया जाता है कि यह तालाब पेशवाकालीन है। यह लगभग नौ एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है। इस तालाब का पानी इस क्षेत्र के लोगों की जरूरत पूरी करता रहा है, लेकिन गंदगी के कारण यह अनुपयोगी हो गया था। परिणामस्वरूप स्थानीय लोगों ने पहल की और प्रशासन से सहयोग मांगा। समाज और प्रशासन के सहयोग से इस तालाब की तस्वीर बदली जा रही है। इस तालाब से आसपास के जल स्रोतों को भी लाभ होता था। वे इस तालाब के पानी के कारण रिचार्ज हो जाते थे और पानी का संकट कम रहता था।