• Sat. Oct 18th, 2025

MKN NEWS

NIRBHIK SACH KE SATH SACH KI BAAT

इंदौर के पोहा की दुनिया में अलग ही पहचान : पुष्य मित्र भार्गव

Jun 7, 2025

इंदौर, दुनिया पोहा दिवस मना रही है, वहीं मध्य प्रदेश की व्यापारिक नगरी इंदौर में भी लोगों ने सड़क पर उतरकर पोहा दिवस मनाया। नगर निगम के महापौर पुष्य मित्र भार्गव ने कहा है कि इंदौर के पोहे की दुनिया में अलग ही पहचान है। नगर में पोहा दिवस मनाया जा रहा है, पोहा की दुकानों पर सुबह से ही पोहा प्रेमियों का जमावड़ा रहा है। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी आमजनों के बीच पहुंचे और इंदौर के पोहा पर चर्चा भी हुई। इंदौर उत्सव समिति द्वारा राजवाड़ा क्षेत्र में पोहा पार्टी का आयोजन किया गया। इस आयोजन में तमाम लोग जुटे। नगर निगम के महापौर भार्गव का कहना है कि खानपान की राजधानी इंदौर की सुबह जिस पोहा से होती है, आज उसका दिवस है। खानपान की राजधानी के रूप में प्रसिद्ध इंदौर शहर ने अपने सुस्वादु व्यंजनों के द्वारा विश्व भर में अपनी एक अलग पहचान स्थापित की है। मां अहिल्या की नगरी इंदौर का पोहा विश्व भर में प्रसिद्ध है। उन्होंने बताया कि विश्व पोहा दिवस के शुभ अवसर पर राजवाड़ा पर लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर, कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के साथ पोहा वितरण किया। इस मौके पर विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, सुमित मिश्रा, मनीष शर्मा, राजेंद्र राठौर सहित जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय रहवासियों की उपस्थिति रही। राज्य के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने पोहा दिवस पर कहा है कि इंदौर की पहचान, हर सुबह की शान है पोहा। आज विश्व पोहा दिवस है, यानी इंदौर का अपना दिन। पोहा सिर्फ व्यंजन नहीं, ये हमारी संस्कृति, स्वाद और पहचान का प्रतीक है। जितने अलग-अलग तरीके से इंदौर में पोहा बनाया जाता है, उतना कहीं नहीं। सच में इंदौर और पोहा एक दूसरे के पर्याय हैं। इंदौर उत्सव समिति द्वारा आयोजित पोहा पार्टी में सहभागिता कर पोहे का आनंद लिया।