
मंडला जिले के ककैया में करीब 1 करोड़ 59 लाख रुपये की लागत से बने नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण किया गया। सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, विधायक नारायण सिंह पट्टा और जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम ने फीता काटकर इसका शुभारंभ किया। इस स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से ककैया और आसपास के कई गांवों के लोगों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं मिलने से हजारों ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार गांव-गांव तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। वहीं विधायक ने भरोसा दिलाया कि लोगों की जरूरत के मुताबिक यहां सुविधाओं का विस्तार भी किया जाएगा। हालांकि अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि इस नए भवन में डॉक्टर, स्वास्थ्यकर्मी, दवाइयां और जरूरी सुविधाएं कब तक उपलब्ध होंगी। लोगों को उम्मीद है कि यह स्वास्थ्य केंद्र सिर्फ लोकार्पण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि नियमित इलाज की बेहतर सुविधा भी देगा।
