
मसूरी में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने आईएएस अकादमी के प्रशिक्षु अधिकारियों के साथ साइकिल रैली निकाली। इस दौरान उन्होंने फिट इंडिया का संदेश देते हुए लोगों से रोज़ाना व्यायाम और साइकिल चलाने की अपील की।
साइकिल रैली आईएएस अकादमी से शुरू होकर शहर के कई प्रमुख मार्गों से होकर वापस अकादमी पहुंची। रास्ते में स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने भी रैली का स्वागत किया। इस दौरान डॉ. मंडाविया ने कहा कि एक स्वस्थ शरीर बेहतर काम करने और अच्छे फैसले लेने में मदद करता है। उन्होंने युवाओं से मोबाइल पर कम समय बिताने और खेल, योग, दौड़ या साइकिलिंग जैसी गतिविधियों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। साथ ही कहा कि छोटी दूरी के लिए साइकिल का इस्तेमाल करने से स्वास्थ्य के साथ-साथ पर्यावरण भी सुरक्षित रहता है।
