
शाहजहांपुर: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने एक अहम फैसला लेते हुए शाहजहांपुर जिले के ऐतिहासिक नगर जलालाबाद का नाम बदलकर ‘परशुरामपुरी’ कर दिया है। केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद अब इस नगर की आधिकारिक पहचान परशुरामपुरी के रूप में होगी।
सरकार के अनुसार, जलालाबाद को भगवान परशुराम की जन्मस्थली के रूप में जाना जाता है। लंबे समय से स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और क्षेत्रवासियों द्वारा नगर का नाम बदलने की मांग की जा रही थी। इसी मांग को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने प्रस्ताव भेजा था, जिसे केंद्र सरकार ने स्वीकृति प्रदान कर दी।
नाम परिवर्तन के बाद अब सरकारी दस्तावेजों, प्रशासनिक अभिलेखों और अन्य आधिकारिक रिकॉर्ड में जलालाबाद की जगह परशुरामपुरी नाम का उपयोग किया जाएगा। इस फैसले को क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के गौरव से जुड़ा फैसला बताया है।
