
कटनी जिले में वन महोत्सव के तहत इस वर्ष बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। वन विभाग और स्व-सहायता समूहों के सहयोग से जिलेभर में 15 लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। पौधों के बेहतर संरक्षण और विकास के लिए जैविक खाद और जीवामृत का उपयोग किया जा रहा है।
वन मंडल अधिकारी गर्वित गंगवार के निर्देशन में जिले के सभी छह वन रेंजों में वन महोत्सव के तहत व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों को सरसवाही रोपणी से पौधे प्राप्त कर विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण करने के निर्देश दिए गए हैं। वन विभाग के अनुसार इस वर्ष जिले में 15 लाख से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। इनमें 11 लाख नए पौधों का रोपण किया जाएगा, जबकि करीब चार लाख पौधे उन पुराने वृक्षारोपण स्थलों पर लगाए जाएंगे, जहां पहले लगाए गए पौधों को नुकसान पहुंचा है। वन विभाग का कहना है कि इस बार सिर्फ पौधे लगाने पर ही नहीं, बल्कि उनके संरक्षण और बेहतर विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए पौधों में जैविक खाद, जीवामृत और अन्य पोषक तत्वों का उपयोग किया जा रहा है। साथ ही सभी वृक्षारोपण स्थलों पर मजबूत फेंसिंग की गई है।
