
हरिद्वार में कुंभ मेला-2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मेलाधिकारी सोनिका ने सोमवार को मनसा देवी, बिल्केश्वर महादेव और अपर रोड क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने पैदल मार्गों, सीढ़ियों और फुटपाथ निर्माण कार्यों की प्रगति देखी और अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समय पर काम पूरा करने के निर्देश दिए।
मेलाधिकारी सोनिका ने भगत सिंह चौक से बिल्केश्वर महादेव होते हुए मनसा देवी मंदिर तक बनाए जा रहे पैदल मार्ग और फुटपाथ निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जहां भी मरम्मत की आवश्यकता है, वहां तत्काल कार्य शुरू किया जाए। साथ ही आपात परिस्थितियों को देखते हुए वैकल्पिक निकासी मार्ग विकसित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी निर्माण कार्य पूरे कर लिए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रशासन का लक्ष्य है कि कुंभ-2027 के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही सुरक्षित और सुगम हो। कुंभ मेले को देखते हुए हरिद्वार के प्रमुख धार्मिक स्थलों जैसे चंडी देवी, मनसा देवी और हर की पैड़ी क्षेत्र में आधुनिक पैदल मार्ग और तीर्थयात्री सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।
