
धर्मनगरी कुरुक्षेत्र को 17 जुलाई को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑनलाइन माध्यम से कुरुक्षेत्र के बहुप्रतीक्षित एलिवेटेड रेलवे ट्रैक और सिख म्यूजियम का उद्घाटन करेंगे। इसको लेकर शहर में उत्साह का माहौल है। पूर्व मंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि यह दिन थानेसर के लिए किसी दीपावली से कम नहीं होगा और वर्षों से शहरवासियों का सपना आखिरकार साकार होने जा रहा है। 17 जुलाई को सुबह 8 बजे कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के ऑडोटोरियम हाल में एक भव्य कार्यक्रम किया जाएगा।
17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा के जींद में पहुंचेंगे और वर्चुअल माध्यम से कुरुक्षेत्र के एलिवेटेड रेलवे ट्रैक व सिख म्यूजियम का उद्घाटन करेंगे। एलिवेटेड रेलवे ट्रैक बनने से शहर में लंबे समय से चली आ रही रेलवे फाटकों की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी। वहीं सिख म्यूजियम धार्मिक और ऐतिहासिक पर्यटन को भी नई पहचान देगा।
पूर्व मंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि यह परियोजना केवल विकास का प्रतीक नहीं, बल्कि थानेसर के लोगों की वर्षों पुरानी मांग का पूरा होना है। उन्होंने कहा कि उद्घाटन के दिन पूरे शहर में दीपावली जैसा उत्सव मनाया जाएगा।
