
कटनी जिले के ढीमरखेड़ा विकासखंड के ऊमरपानी गांव में शिक्षा व्यवस्था बदहाल नजर आ रही है। यहां एकीकृत माध्यमिक शाला का भवन जर्जर हो चुका है, जिसके चलते बच्चे डर के साए में पढ़ाई करने को मजबूर हैं।
विद्यालय में पहली से आठवीं तक की कक्षाएं सिर्फ दो कमरों में संचालित हो रही हैं। स्कूल में कुल 96 बच्चों का नामांकन है, लेकिन भवन की हालत खराब होने के कारण करीब 50 बच्चों ने स्कूल आना बंद कर दिया है। बारिश के मौसम में बच्चों और शिक्षकों को हादसे का डर बना रहता है। जर्जर भवन की जानकारी विभागीय अधिकारियों को भी दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं हो पाई है। वहीं स्कूल में ना बाउंड्री है और ना ही गेट, जिसके कारण आवारा जानवर परिसर में पहुंचकर गंदगी फैलाते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द नए भवन और बेहतर सुविधाओं की मांग की है।
