
बिजनौर जिले में लोगों की सुविधा के लिए बनाए गए रेलवे अंडरपास अब ग्रामीणों और किसानों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गए हैं। लगातार बारिश के चलते कई अंडरपास जलमग्न हो गए हैं, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है।
दरअसल कोतवाली देहात क्षेत्र के झलरा गांव में करीब तीन वर्ष पहले बनाया गया रेलवे अंडरपास इन दिनों लगभग 10 फीट पानी से भरा हुआ है। इस अंडरपास से एक दर्जन से अधिक गांवों के लोग रेलवे लाइन के दूसरी ओर आते-जाते हैं। जलभराव के कारण किसानों को पशुओं के लिए चारा लाने और खेतों तक पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सुविधा के लिए बना अंडरपास अब उनके लिए मुसीबत बन गया है। लगातार बारिश से समस्या और गंभीर हो गई है। वहीं, रेलवे विभाग के सीनियर सेक्शन इंजीनियर सादिक ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही अंडरपास से पानी निकाला जाएगा और अगली बरसात से पहले इसे टीन शेड से ढकने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि भविष्य में जलभराव की समस्या न हो।
