
मुंबई: टीवी और फिल्मों के बीच का रिश्ता अब पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हो गया है। बड़े सितारे अपनी फिल्मों के प्रमोशन के लिए टीवी शोज का सहारा लेते हैं, जिससे दर्शकों को भी कुछ नया और अलग देखने को मिलता है। इसी कड़ी में बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार अपनी आने वाली फिल्म ‘भूत बंगला’ के प्रमोशन के लिए टीवी के पॉपुलर शो ‘नागिन 7’ में नजर आने वाले हैं। इस खास एपिसोड की झलक सामने आते ही दर्शकों के बीच उत्साह और भी बढ़ गया है।
सोशल मीडिया पर इस एपिसोड का प्रोमो शेयर किया है। यह एपिसोड 11 अप्रैल, शनिवार को प्रसारित किया जाएगा। प्रोमो में अक्षय कुमार ‘नाग गुरु’ के रूप में दिखाई दे रहे हैं। यह अवतार उनके फैंस के लिए काफी दिलचस्प और नया है।
बता दें कि फिल्म ‘भूत बंगला’ को एकता कपूर ने प्रोड्यूस किया है। यही वजह है कि फिल्म के प्रमोशन के लिए अक्षय कुमार की एंट्री ‘नागिन 7’ में करवाई गई है। इस खास एपिसोड के जरिए दर्शकों को एक साथ टीवी ड्रामा और फिल्मी तड़का देखने को मिलेगा।
