
रायपुर: छत्तीसगढ़ में मानसून का असर लगातार दूसरे दिन भी देखने को मिल रहा है, राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है और कई घरों में पानी घुस गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है
बताया जा रहा है की रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर समेत आठ जिलों में मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी करते हुए तेज आंधी, बिजली गिरने और भारी बारिश की चेतावनी दी है। वहीं मुंगेली, जांजगीर, बलौदाबाजार, बेमेतरा और बालोद में भी अगले कुछ घंटों तक खराब मौसम की संभावना जताई गई है, इसके अलावा अंबिकापुर, कोरिया, कोरबा, रायगढ़ और राजनांदगांव सहित 14 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, जबकि बस्तर संभाग के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी रायपुर सहित कई शहरों की निचली बस्तियों में जलभराव और घरों में पानी घुसने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने लोगों से बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है।
