
कवर्धा: भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित सहकारिता सप्ताह का समापन पीजी कॉलेज डोम, कवर्धा में जिला स्तरीय कृषक संगोष्ठी के साथ हुआ। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सहकारिता का अर्थ है सभी लोग एकजुट होकर साझा उद्देश्य के लिए कार्य करें।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि धान उपार्जन और बैंकिंग जैसी व्यवस्थाओं में सहकारिता सफल रही है, लेकिन अब इसे कोल्ड स्टोरेज, दुग्ध उत्पादन, मत्स्य पालन, पशुपालन, गैस एजेंसी संचालन और अन्य रोजगारमूलक गतिविधियों से जोड़ने की जरूरत है। इससे किसानों की आय बढ़ेगी और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उप मुख्यमंत्री ने बताया कि कबीरधाम जिले में पहले 90 सहकारी समितियां थीं, जो अब 40 नई समितियों के गठन के बाद बढ़कर 138 हो गई हैं। उन्होंने कबीरधाम के शक्कर कारखाने को सहकारिता मॉडल की सफलता का उदाहरण बताया। उन्होंने किसानों से सहकारिता को एक बड़े जनआंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर 8 किसानों को अल्पकालीन कृषि ऋण और मछली कीट प्रदान किए गए। साथ ही निबंध, प्रश्नोत्तरी और चित्रकला प्रतियोगिता में विजेता 15 बालिकाओं को सम्मानित किया गया।
