
विश्व प्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम यात्रा के पहले चरण में श्रद्धालुओं ने नया रिकॉर्ड बनाया है। इस वर्ष 22 अप्रैल 2026 को कपाट खुलने के बाद शुरुआती 78 दिनों में 13 लाख 93 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार, ऊंचाई वाले क्षेत्र में यात्रा के दौरान कई यात्रियों की तबीयत खराब हुई और कुछ लोग पैदल मार्ग पर घायल भी हुए। ऐसे यात्रियों की मदद के लिए रेस्क्यू टीमों ने तत्काल राहत अभियान चलाया। अब तक 96 लोगों को हेलीकॉप्टर से एम्स ऋषिकेश भेजा गया, जबकि 517 यात्रियों को मैनुअल रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया। कुल 616 लोगों को प्रशासन की मदद से स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचाया गया। वहीं मानसून को देखते हुए प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। भूस्खलन और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रुकने की सलाह दी गई है।
