
हरिद्वार: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बद्रीनाथ धाम में कथित चढ़ावा चोरी के मामले पर सख्त प्रतिक्रिया दी है। हरिद्वार दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि मंदिर से चढ़ावा चोरी करना बेहद गंभीर कृत्य है और इसे किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि इस मामले में दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जांच समिति भी पूरे प्रकरण की पड़ताल कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हरिद्वार के प्रेम नगर आश्रम में आयोजित प्रसिद्ध कथावाचक मोरारी बापू की रामकथा में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए सरकार का पक्ष रखा और कहा कि धार्मिक स्थलों की गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
