
दिल्ली-एनसीआर के फरीदाबाद में लगातार हो रही मानसूनी बारिश ने लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर दिया है। बारिश से जहां भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली, वहीं शहर के कई इलाकों में जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। प्रमुख चौराहों, बाजारों और रिहायशी क्षेत्रों की सड़कें पानी में डूब गईं, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।
सुबह दफ्तर और स्कूल जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई कर्मचारी समय पर कार्यालय नहीं पहुंच सके, जबकि बड़ी संख्या में छात्र भी स्कूल नहीं जा पाए। दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को सबसे अधिक दिक्कत हुई। कई स्थानों पर वाहन पानी में बंद हो गए, जिन्हें लोगों ने धक्का लगाकर बाहर निकाला, स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बारिश में यही स्थिति बनती है, लेकिन जल निकासी व्यवस्था में कोई स्थायी सुधार नहीं किया जाता। पहली ही बारिश ने नगर निगम की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बहरहाल अब देखना होगा कि प्रशासन जलभराव की इस समस्या से लोगों को कब तक राहत दिला पाता है, क्योंकि मानसून की अभी तो बस शुरुआत हुई है।
