
फरीदाबाद: हरियाणा में भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए एंटी करप्शन ब्यूरो अब नई तकनीक का सहारा लेने जा रहा है। जल्द ही डायल-112 की तर्ज पर एक मोबाइल ऐप लॉन्च किया जाएगा, जिसके जरिए लोग घर बैठे भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे।
एंटी करप्शन ब्यूरो के डीजीपी अर्शिंदर सिंह चावला ने बताया कि इस ऐप के माध्यम से विजिलेंस और एसीबी अधिकारियों तक सीधे पहुंच आसान होगी। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार करने वालों के मन में एसीबी का डर पैदा करना ही विभाग का मुख्य उद्देश्य है।डीजीपी फरीदाबाद के सेक्टर-78 में एसीबी के नए भवन की आधारशिला रखने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि आधुनिक सुविधाओं से लैस यह भवन वर्ष 2028 तक तैयार होगा।उन्होंने लोगों से अपील की कि भ्रष्टाचार से परेशान होने पर तुरंत एसीबी से संपर्क करें। वहीं फरीदाबाद नगर निगम से जुड़े भ्रष्टाचार मामले में उन्होंने कहा कि जांच तेजी से जारी है।
