
उज्जैन: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार शाम उज्जैन पहुंचे, जहां उन्होंने बाइक और पैदल शहर का भ्रमण कर सिंहस्थ-2028 के तहत चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया, आम नागरिकों और व्यापारियों से संवाद किया तथा एक प्रसिद्ध मिष्ठान दुकान पर जलेबी बनाकर चाय का आनंद भी लिया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीआईपी गेस्ट हाउस, देवास रोड से माधवनगर, टावर चौक होते हुए फ्रीगंज तक दोपहिया वाहन से भ्रमण किया। उन्होंने फ्रीगंज ब्रिज के समानांतर बन रहे नए पुल का निरीक्षण कर सेतु विभाग के अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। इसके बाद मुख्यमंत्री ने कोयला फाटक से कंठाल चौराहे तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कोयला फाटक से निजातपुरा तक पैदल भ्रमण करते हुए स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं एवं सुझाव भी सुने। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ-2028 से जुड़े कई विकास कार्य पूरे हो चुके हैं और कई अंतिम चरण में हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में निर्माण कार्यों की गति और तेज की जाएगी।
