
रायपुर के माना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित सहयोग केंद्र में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। इस दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े विकास और निर्माण कार्यों के कुल 166 आवेदन प्राप्त हुए। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आवेदकों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को जल्द समाधान के निर्देश दिए।
अरुण साव ने बताया कि प्राप्त आवेदनों में ट्यूबवेल स्थापना, हैंडपंप खुदाई, ग्राम पंचायतों के विकास कार्य और ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मामले प्रमुख रहे। उन्होंने कहा कि जरूरी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। वहीं कई नगरीय निकायों के प्रतिनिधि भी निर्माण और विकास कार्यों की मांग लेकर पहुंचे। उनकी मांगों पर विचार करते हुए कई कार्यों को मंजूरी दी गई। सहयोग केंद्र के जरिए जनता और कार्यकर्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रयास किया जा रहा है।
